Jamshedpur : झारखंड के लोयाबाद क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने सीआईएसएफ के एक हेड कांस्टेबल को निशाना बनाते हुए उनके क्रेडिट कार्ड से 1,07,140 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। हैरानी की बात यह है कि जवान को इस ठगी की जानकारी करीब दो महीने बाद तब हुई, जब उनके मोबाइल पर ईएमआई कटने का मैसेज आया।
पीड़ित जवान सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत मनीअप्पा कारडी हैं, जो मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उन्होंने मामले की शिकायत लोयाबाद थाना में दर्ज कराई है।जवान ने पुलिस को बताया कि उन्हें अचानक मोबाइल पर ईएमआई कटने का मैसेज मिला।
जब उन्होंने बैंक डिटेल्स की जांच की तो पता चला कि 16 मार्च को उनके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर कोलकाता में ऑनलाइन खरीदारी की गई थी। उन्होंने साफ कहा कि न तो किसी ने उनसे ओटीपी मांगा और न ही उन्होंने किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद उनके कार्ड से इतनी बड़ी रकम निकल जाना उन्हें भी चौंका रहा है।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस साइबर ठगी के एंगल से जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोयाबाद और आसपास के इलाकों में साइबर फ्रॉड की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े साइबर गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।

