लोहरदगा : भंडरा थाना क्षेत्र के धन्नामुंजी गांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त मड़वा उरांव ने शनिवार को पत्नी सुमरी उरांव (45) और अपनी मां रूपी उरांव (60) की साबल से मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर बांध दिया। पूछे जाने पर उसने कहा कि गुस्सा आ गया था, इसलिए मार डाला। संयोग ही था घटना के समय उसके बच्चे घर पर नहीं थे, नहीं तो उन्हें भी मार देता।
सूचना पर थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता और मुखिया सुमित उरांव घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी मड़वा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मां एवं पत्नी की हत्या का तनिक भी अफसोस नहीं था। जब लोगों ने मारने का कारण पूछा तो बड़े ही इत्मीनान से कह दिया-मुझे बहुत गुस्सा आ गया था जिस कारण उसने दोनों की हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी मड़वा उरांव पूर्व से विक्षिप्त था और उसका मानसिक इलाज चला था। कुछ दिनों से फिर वह मानसिक रूप से असंतुलित चल रहा था। अब उसके दोनों बच्चों की देखभाल की समस्या आ गई है।
मड़वा के दो बच्चे 15 वर्ष की बेटी और 12 वर्ष का बेटा है। ग्रामीणों का कहना है कि संयोग अच्छा था कि बच्चे घर में नहीं थे। थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना का आरोपी मड़वा उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त साबल को भी जब्त कर लिया गया है। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपित मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है।
Read Also: Chatra News: अफीम खेती पर नजर रखने के लिए चतरा प्रशासन उड़ाएगा ड्रोन, पूरे नेटवर्क को खत्म करने की तैयारी

