रांची : जनजाति दिवस पर रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। रांची-टाटा-हावड़ा से दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके परिचालन से रांची और टाटानगर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। गर्मी की छुट्टियों में सफर आसान होगा।
इन ट्रेनों से झारखंड और बिहार के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी, खासकर उन लोगों को जिन्हें त्योहार और अवकाश के दौरान कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही थी।
दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से जारी की गई सूचना
दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 08183 टाटानगर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 23 मई को रात 12:30 बजे टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 3:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी दिशा में 08184 आनंद विहार-टाटानगर स्पेशल ट्रेन 25 मई को रात 1:45 बजे आनंद विहार से खुलेगी और अगले दिन रात 12:15 बजे टाटानगर पहुंचेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे क्षेत्र में यह ट्रेन मुरी और बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर ठहरेगी।
इसी तरह 08639 रांची-दिल्ली स्पेशल ट्रेन 23 मई को सुबह 3:30 बजे रांची से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 3:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 08640 दिल्ली-रांची स्पेशल 25 मई को रात 1:25 बजे दिल्ली से रवाना होकर उसी दिन रात 11:15 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव लोहरदगा स्टेशन पर निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा 08057 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 22 मई को शाम 5:15 बजे हावड़ा से खुलेगी और तीसरे दिन रात 12:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 08058 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 25 मई को रात 2:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह ट्रेन खड़गपुर, बांकुड़ा, आद्रा, भोजूडीह, महुदा, गोमो और गया स्टेशन पर रुकेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ के समय यात्रा करना आसान होगा।
Read Also:

