Ranchi : रांची के बेड़ो क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध में विवाद के बाद एक युवक ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान 18 वर्षीय बिरसा उरांव के रूप में हुई है। वह गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक ने यह कदम उठा लिया।
घटना का पता तब चला जब ग्रामीणों ने हाईटेंशन टावर से युवक का शव लटका देखा। यह दृश्य देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बिजली विभाग की मदद से पहले संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद सुरक्षा के बीच शव को टावर से नीचे उतारा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है, वहीं इलाके के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।
Read Also: Ranchi News : सड़क निर्माण में देरी करने वाले संवेदक होंगे डिबार : दीपिका पांडेय सिंह

