DEOGHAR: देवघर जिले में झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जारी मैट्रिक और इंटर परीक्षा परिणाम में खराब प्रदर्शन को जिला शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। लगातार गिरते परीक्षा परिणाम को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने जिले के 24 स्कूलों के प्रिंसिपल को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। विभाग का कहना है कि संतोषजनक परिणाम नहीं देने वाले स्कूलों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग लगातार स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निर्देश देता रहा है। इसके बावजूद इस वर्ष मैट्रिक और इंटर परीक्षा के परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं रहे जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि जिले के करीब 40 से 50 प्रतिशत स्कूलों का परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं पाया गया है। ऐसे में खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के प्रिंसिपल और शिक्षकों से जवाब मांगा जाएगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि स्कूलों में स्मार्ट क्लास, मिड डे मील और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के बावजूद यदि छात्र नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं और परिणाम खराब आ रहे हैं, तो इसके लिए स्कूल प्रबंधन की भूमिका भी जिम्मेदार मानी जाएगी।

