रांची : राज्यभर के मतदान केंद्रों पर आज से अनमैप्ड मतदाता सूची (Unmapped Voter List) का प्रदर्शन शुरू हो गया है। यह सूची अगले दो सप्ताह तक सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर उपलब्ध रहेगी, जहां मतदाता जाकर अपने नाम की जांच कर सकेंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, सूची में अनमैप्ड मतदाताओं के साथ संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर भी दिया गया है, ताकि मतदाता सीधे संपर्क कर अपने नाम की मैपिंग करा सकें। विभाग ने बताया कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पुराने रिकॉर्ड से वर्तमान मतदाता सूची की मैपिंग की जा रही है। जिन मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो जाएगी, उन्हें एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में अतिरिक्त दस्तावेज जमा नहीं करने होंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की ओर से राज्य के सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि वे अनिवार्य रूप से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाता सूची का प्रकाशन सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही सभी बीएलओ (BLO) को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए (BLA) के साथ बैठक करने का भी निर्देश दिया गया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और यदि नाम अनमैप्ड सूची में दर्ज हो तो तुरंत संबंधित बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग की प्रक्रिया पूरी कराएं। आपके बूथ पर यह अनमैप्ड मतदाता सूची 23 मई 2026 से अगले 2 सप्ताह तक प्रकाशित रहेगी
Read Also- RANCHI NEWS: रांची पुलिस में बड़ा फेरबदल, 15 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला

