RANCHI: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा के साथ सरेआम छेड़खानी की घटना सामने आई है। जिसमें आरोपी एक जवान बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा मोरहाबादी स्थित अपने कॉलेज से घर लौट रही थी। वह करमटोली चौक होते हुए डॉक्टर एसएन यादव वाली गली से गुजर रही थी। इसी दौरान एक जवान पीछे से आया और छात्रा को पकड़कर उसके साथ गलत हरकत करने लगा। आरोपी ने घटना के बाद वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि भीड़ ने उसे बुरी तरह घायल कर दिया। सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर थाने ले गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी की हरकत साफ नजर आ रही है। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि आरोपी जवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

