Jamshedpur : उत्पाद विभाग ने सहायक आयुक्त उत्पादन के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया है। यह छापामारी अभियान थाना क्षेत्र के बटालुका और गोबर घुसी गांव में चलाया गया। सहायक आयुक्त उत्पाद ने शनिवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इन दोनों गांव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जा रही है।
इस पर टीम बनाकर छापेमारी की गई। दोनों गांव से 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई है। जबकि 1500 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया है। सहायक आयुक्त उत्पाद ने बताया कि जब छापेमारी की गई तो वहां शराब बनाई जा रही थी। उत्पाद विभाग के जवानों को देखते ही शराब बना रहे लोग वहां से भाग खड़े हुए। उनको दौड़ाया गया। लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे।
उत्पाद विभाग के जवान किसी को भी पकड़ने में कामयाब नहीं हुए। इस मामले में अवैध शराब विक्रेताओं और अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों का पता लगाकर उन्हें जेल भेजा जाएगा। अक्सर जब भी उत्पाद विभाग के जवान शराब भट्ठियों पर छापेमारी करते हैं तो अवैध शराब तो बरामद कर ली जाती है। लेकिन शराब बनाने वाले लोग फरार हो जाते हैं। वह पकड़ में नहीं आते।

