Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में करीम सिटी कॉलेज के पास हुई मोटरसाइकिल चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वादी की सूचना के आधार पर फौरन कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 मई को साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत करीम सिटी कॉलेज के समीप अज्ञात चोरों ने टाटा स्टील कर्मी रजनीकांत की एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में साकची थाना कांड संख्या 40 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
लेकिन इसी दौरान रजनीकांत ने एक बाइक खरीदने के लिए ओएलएक्स पर सर्फिंग की उन्होंने एक गाड़ी पसंद की विक्रेता ने उन्हें चेपा पुल के पास एक बाइक की दुकान पर और बाइक के पसंद करने के लिए बुलाए तभी रजनीकांत को वहां अपनी चोरी की बाइक मिल गई रजनीकांत ने आजाद नगर थाना पुलिस को बुलाकर आरोपी को अरेस्ट कराया और बाइक बरामद कराई। तब साकची पुलिस पहुंची और आरोपी को लेकर साकची थाने लाई। बाइक भी बरामद की और पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने शमशाद आलम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने साथी अरुण मुखर्जी का नाम बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई बाइक के साथ चार अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं, जिन्हें शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किया गया था।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे साकची सहित शहर के अन्य इलाकों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद मोटरसाइकिलों के नंबर प्लेट बदल दिए जाते थे और इंजन व चेसिस नंबर को खरोंचकर गाड़ियों को बेचने का काम किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशाद आलम (23 वर्ष), निवासी आजादनगर और अरुण मुखर्जी, निवासी मानगो है।
पुलिस ने जिन पांच मोटरसाइकिलों को बरामद किया है, उनमें स्प्लेंडर प्लस, पैशन प्रो, सुपर स्प्लेंडर और स्प्लेंडर प्रो जैसी बाइकें शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का नेटवर्क शहर के किन अन्य इलाकों तक फैला हुआ है और चोरी की अन्य वारदातों में इनकी भूमिका रही है या नहीं।
इस कार्रवाई में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि झारखंड में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

