Jamshedpur : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर फायरिंग मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मनीष सिंह गिरोह के दो और सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम की छापेमारी में हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार और सागर उपाध्याय के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के दौरान इस संगठित फायरिंग कांड में उनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने स्वीकार किया है कि वे मनीष सिंह गिरोह से जुड़े हैं और रंगदारी व इलाके में दबदबा कायम करने के मकसद से इस वारदात में शामिल थे।
वैगन आर कार से पहुंचे थे पांच बदमाश
पूरे मामले की कड़ी 15 मई की उस घटना से जुड़ी है, जब जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नगर परिषद बाजार के यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर पांच अज्ञात अपराधी मैरून रंग की वैगनआर कार से पहुंचे थे। आरोप है कि रंगदारी की रकम नहीं मिलने और अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सन्नी की निशान देही पर दो पिस्टल बरामद
ताजा कार्रवाई में सन्नी सिंह की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और गिरोह के विस्तृत आपराधिक संबंधों की जांच कर रही है।
इस केस में पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं दो आरोपी
गौरतलब है कि इससे पहले इसी कांड में छह अन्य आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उनके पास से अपराध में इस्तेमाल मैरून रंग की वैगनआर कार, चार देशी पिस्टल, खोखा, जिंदा गोलियां और अन्य सामान बरामद हुए थे। पुलिस का कहना है कि इस कांड के तार संगठित अपराध और रंगदारी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
सन्नी सिंह का है पुराना आपराधिक इतिहास
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सन्नी सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं सागर उपाध्याय पर भी पूर्व में आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में जुगसलाई थाना की टीम लगातार इस मामले की कड़ियों को जोड़ रही है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग कांड में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

