
रांची: इनर व्हील क्लब रांची साउथ की नई अध्यक्ष के रूप में रंजना शुक्ला ने शुक्रवार को वर्ष 2026-27 के लिए पदभार ग्रहण किया। क्लब का 18वां इंस्टॉलेशन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। समारोह में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि इनर व्हील जैसी महिला संचालित संस्थाएं समाज के विकास, महिला सशक्तीकरण और जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यों की संख्या नहीं, बल्कि सेवा का समर्पण किसी संस्था की वास्तविक पहचान होती है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं।
नई कार्यकारिणी में अनु मलिक उपाध्यक्ष, लाजवती कुमार सचिव, रीता गुप्ता कोषाध्यक्ष, श्वेता जैस्वाल आईएसओ तथा नीलू गुप्ता को क्लब एडिटर का दायित्व सौंपा गया।
रंजना शुक्ला ने कहा कि आने वाले समय में क्लब समाजसेवा की गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगा। समारोह में वर्षभर संचालित जरूरतमंद बेटियों के विवाह सहयोग, वॉटर एवं सैनिटेशन, रिपब्लिक डे प्रोजेक्ट, कॉलर एक्सचेंज सहित विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सदस्यों को सम्मानित किया गया।
डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी नीता नारायण ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन एंजेल सराफ ने किया। कार्यक्रम में संगीता सरन, कांति पांडेय, नीलम ललित, सुमन सिंह, बलजीत, रमा नंदा, माया वर्मा सहित अनेक सदस्या सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

