Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे एक शातिर चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए टेल्को थाना क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई थी। 26 और 27 मई की रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एलएफएस स्कूल के सामने स्थित एक बंद मकान में दो युवक बाइक लगाकर घुसे हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि घर के बाहर एक स्प्लेंडर बाइक खड़ी थी और दो युवक घर के भीतर ग्रिल के पास खटखट की आवाज कर रहे थे। पुलिस जैसे ही अंदर पहुंची, एक युवक पीछे की ओर से भाग निकला, जबकि दूसरे युवक को कटर से ताला काटते हुए पकड़ लिया गया।
नामदा बस्ती का रहने वाला है पकड़ा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम कुमार उर्फ छोटू (28) के रूप में हुई है। वह गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती स्थित न्यू विकास कॉलोनी में किराये पर रहता है। पूछताछ में उसने अपने फरार साथी का नाम मो. राजू उर्फ जीवन बनर्जी उर्फ विजय मुंडा बताया, जो जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी का रहने वाला है।
घर से बरामद हुई चोरी के जेवरात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बिष्टुपुर, सीतारामडेरा, बागबेड़ा और टेल्को इलाके में कई घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी के कई आभूषण, 58 हजार 130 रुपये नकद, ताला काटने वाला कटर, पेचकस, प्लास और कटा हुआ ताला बरामद किया गया।
चोरी की बाइक से निकले थे घटना को अंजाम देने
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक पर लगा नंबर प्लेट भी फर्जी था। मामले में टेल्को थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार पहले भी सोनारी थाना के एक चोरी मामले में आरोपी रह चुका है।

