Jamshedpur : जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स ने बाजार के मौजूदा हालात और व्यावसायिक जरूरतों को देखते हुए 29 मई से 4 जून तक लगातार सात दिनों के क्लोजर और अवकाश की घोषणा की है। कंपनी प्रबंधन द्वारा जारी दो अलग-अलग आधिकारिक सर्कुलर में बताया गया है कि इस दौरान तीन दिन कंपलसरी ऑफ और तीन दिन ब्लॉक क्लोजर लागू रहेगा।
बीच में रविवार पड़ने के कारण पूरे सप्ताह प्लांट और सामान्य कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहेगा।कंपनी की ओर से जारी पहले सर्कुलर के अनुसार, कर्मचारियों को पूर्व में साप्ताहिक अवकाश के दिन काम करने के बदले प्रतिपूरक अवकाश दिया जा रहा है। इसके तहत 15 मार्च को किए गए कार्य के बदले 29 मई, 29 मार्च के बदले 30 मई और 19 अप्रैल के बदले 1 जून को कंपलसरी ऑफ घोषित किया गया है।
वहीं 31 मई को सामान्य साप्ताहिक अवकाश रहेगा। हालांकि फाउंड्री डिवीजन में 29 और 30 मई को सामान्य रूप से काम जारी रहेगा, क्योंकि वहां यह अवकाश लागू नहीं होगा। प्रबंधन ने यह भी निर्देश दिया है कि जिन कर्मचारियों को इन दिनों ड्यूटी पर बुलाया जाएगा, वे अपना प्रतिपूरक अवकाश निर्धारित समय सीमा के भीतर ले लें।
दूसरे सर्कुलर में 2 जून से 4 जून तक ब्लॉक क्लोजर लागू करने की जानकारी दी गई है। यह फैसला प्रबंधन और यूनियन के बीच हुए पूर्व समझौते के तहत लिया गया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ब्लॉक क्लोजर अवधि के दौरान कर्मचारियों को 50 प्रतिशत दिनों के लिए अपनी पीएल या सीएल का उपयोग करना होगा, जबकि शेष अवधि के लिए सामान्य वेतन दिया जाएगा।
इस फैसले को लेकर कर्मचारियों और औद्योगिक क्षेत्र में व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि ऑटो सेक्टर में मांग और उत्पादन संतुलन को देखते हुए कंपनी ने यह कदम उठाया है।

