
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाला और बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां गोलमुरी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी जब स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया, तो लाचार और डरी हुई पीड़िता की मां प्रतिभा वर्मा ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने एसएसपी को एक लिखित आवेदन सौंपकर न्याय, निष्पक्ष जांच, आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और अपने पूरे परिवार के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एसएसपी को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता की मां अपनी दो बेटियों के साथ गोलमुरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के मकान में किराये पर रहती हैं। घटना बीते 8 जुलाई की शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। उस वक्त पीड़िता की मां घर के शौचालय में थीं और उनकी 13 साल की बड़ी बेटी कमरे में अकेली थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाला मकान मालिक का 34 वर्षीय बेटा राजीव कुमार झा उर्फ पल्टा पूरी तरह नग्न अवस्था में जबरन उनके घर में घुस आया। वह नाबालिग बच्ची को आंगन से घसीटते हुए अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मां शौचालय से बाहर भागीं। शोर-शराबा सुनकर मकान मालिक अनिल झा भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर वे सही वक्त पर नहीं पहुंचते तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
आवेदन में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि जब आरोपी की इस करतूत का विरोध किया गया, तो उसने अपने ही पिता अनिल झा के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने पीड़िता, उसकी मां और छोटी बहन के साथ भी धक्का-मुक्की तथा गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कथित रूप से डराते हुए कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की, तो वह मां और दोनों बेटियों की हत्या कर उन्हें कुएं में फेंक देगा।
Read also – Jamshedpur Crime: बागबेड़ा मारपीट कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए; अन्य की तलाश जारी
पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के तुरंत बाद गोलमुरी थाने में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके कारण पूरा परिवार गहरे खौफ और असुरक्षा के साये में जीने को मजबूर है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी राजीव कुमार झा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई बार जेल की हवा खा चुका है। अब पीड़ित परिवार ने एसएसपी से मामले में तुरंत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

