
Jamshedpur : शहर में छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र का है, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने मंगलवार को एक महिला से दिनदहाड़े पर्स छीन लिया। बदमाशों का पीछा करने के दौरान महिला का मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठा लिया।
गौरतलब है कि समतानगर रोड नंबर-15 निवासी भानु गोप सोमवार को शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित एक परिचित से कर्ज के रूप में रुपये लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एनएच पर स्पंदन अस्पताल के सामने बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन भागदौड़ के दौरान उनका मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया। जब वह वापस मोबाइल लेने पहुंचीं तो फोन वहां नहीं मिला। आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे उठा लिया।
पीड़िता के अनुसार, छीने गए पर्स में लगभग 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात थे। घटना की सूचना उलीडीह ओपी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

