Home » Jamshedpur Crime : जुगसलाई ग्वाला पट्टी के पास युवक पर फायरिंग, परसुडीह में अपहरण का प्रयास; मानगो में चोरी

Jamshedpur Crime : जुगसलाई ग्वाला पट्टी के पास युवक पर फायरिंग, परसुडीह में अपहरण का प्रयास; मानगो में चोरी

जमशेदपुर में एक रात में फायरिंग और चोरी की 3 घटनाओं से हड़कंप, पुलिस कर रही जांच

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जुगसलाई थाना क्षेत्र के ग्वाला पट्टी के सामने मंगलवार रात फायरिंग की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने अभी तक गोली चलने की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि बागबेड़ा निवासी शुभम मंगलवार रात ग्वाला पट्टी से कुछ दूरी पर स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका एक परिचित मिल गया। दोनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।

इसी बीच पीछे से आए एक युवक ने शुभम की बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद युवक मौके से भागने लगा। शुभम ने उसका पीछा किया। शुभम के मुताबिक, कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उक्त युवक ने उस पर गोली चला दी। हालांकि गोली उसे नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया।

फायरिंग की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस जांच में जुटी, खोखा बरामद नहीं

घटनास्थल से अब तक किसी तरह का खोखा बरामद होने की जानकारी नहीं है। पुलिस ने भी फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में बाइक में टक्कर मारने से लेकर कथित फायरिंग तक की पूरी घटना की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही घटना में शामिल युवक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या मामला किसी अन्य विवाद से जुड़ा है।

परसुडीह में ऑटो चालक पर फायरिंग, अपहरण के प्रयास का भी आरोप

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह शिव मंदिर रोड स्थित पीएनबी एटीएम के पास मंगलवार रात करीब 10:05 बजे ऑटो चालक पर फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई है। ऑटो चालक संजय उर्फ गबरू ने बाइक सवार अपराधियों पर पहले अपहरण का प्रयास करने और असफल होने पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है।

संजय के अनुसार, वह ऑटो लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि अपराधियों ने उसे रोककर अपहरण करने की कोशिश की। किसी तरह वह उनके चंगुल से बच निकला।

इसके बाद बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलने के बाद संजय ऑटो छोड़कर मौके से भाग गया और अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में नेहाल तिवारी का नाम सामने आ रहा है। पुलिस के अनुसार, नेहाल की गतिविधियां पहले भी आपराधिक रही हैं। बताया जा रहा है कि फायरिंग का शिकार हुआ ऑटो चालक संजय, रवि यादव का परिचित है। रवि यादव और नेहाल तिवारी के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी घटना के कारण और फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करने के साथ आरोपियों की भूमिका का भी पता लगा रही है।

मानगो छोटा पुल पर महिला के पर्स से 1500 रुपये और एटीएम कार्ड चोरी, मदद के बहाने युवक ने दिया घटना को अंजाम

जमशेदपुर : मानगो छोटा पुल पर मंगलवार रात एक महिला के पर्स से 1500 रुपये नकद और एटीएम कार्ड चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला मानगो की रहने वाली बताई जा रही है और रात में स्कूटी से साकची की ओर से अपने घर लौट रही थी।

बताया गया कि बारिश के बाद मानगो छोटा पुल पर काफी पानी जमा था। जलजमाव के कारण महिला की स्कूटी बीच रास्ते में बंद हो गई। इसके बाद वह स्कूटी को पैदल ठेलते हुए घर की ओर जाने लगी।

इसी दौरान पीछे से एक युवक वहां पहुंचा और स्कूटी ठेलने में मदद करने के बहाने महिला के साथ चलने लगा। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने मौका पाकर महिला के पर्स से 1500 रुपये नकद और एटीएम कार्ड निकाल लिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद महिला ने अपने पर्स की जांच की तो रुपये और एटीएम कार्ड गायब मिले। चोरी का पता चलने पर महिला परेशान हो गई।

समाचार लिखे जाने तक महिला की ओर से पुलिस को घटना के संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। शिकायत नहीं मिलने के कारण मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Read Also :seraikela News: SIR-2026 को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने की समीक्षा, राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग 

Related Articles

Leave a Comment