
Ranchi : राजधानी रांची को अधिक हरित, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष में शहर के 80 से अधिक प्रमुख स्थानों पर नए ग्रीन पैच विकसित करने की योजना बनाई है। इस दिशा में निगम ने अब तक 52 नए स्थलों की पहचान भी कर ली है, जहां चरणबद्ध तरीके से हरित क्षेत्र तैयार किए जाएंगे।
मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हॉर्टिकल्चर शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रीन पैच निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि शहर के 24 प्रमुख स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित किए जा चुके हैं, जबकि 24 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीन पैच विकसित करने के साथ-साथ उनके नियमित रखरखाव और निगरानी की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ये क्षेत्र लंबे समय तक स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बने रहें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, नगर प्रबंधक, गार्डन अधीक्षक तथा हॉर्टिकल्चर शाखा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

