चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने मजदूरों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। रामा पांडे ने कहा कि यूनियन लंबे समय से अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग कर रही है। बैठक में अस्पताल की साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, मलेरिया से बचाव के लिए डीटीडी छिड़काव और फॉगिंग कराने की मांग उठाई गई।
जॉब कांटेक्ट में बदलाव का विरोध
रामा पांडे ने कहा कि सेल प्रबंधन सप्लाई मजदूरों को जॉब कांटेक्ट में परिवर्तन करना चाह रही है। यूनियन इसे किसी भी कीमत पर नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले सेल के सीजीएम चंद्रभूषण कुमार के साथ बैठक हुई थी। प्रबंधन ने मांगों पर विचार के लिए चार दिन का समय मांगा है। यूनियन के अनुसार कुछ मांगों पर सेल प्रबंधन द्वारा कार्य शुरू भी कर दिया गया है।
ये प्रमुख मांगें रखी गईं
यूनियन ने अस्पताल के लिए नई वातानुकूलित एंबुलेंस उपलब्ध कराने, रविवार को भी लैब सेवा चालू रखने और ब्लड बैंक शुरू करने की मांग की। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने, नई एक्सरे मशीन लगाने, पुराने और जर्जर बेड को बदलकर नए बेड लगाने की बात कही गई।यूनियन का आरोप है कि मरीज को रेफर करने के बाद रिव्यू पर डॉक्टरों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है। इसमें सुधार की मांग की गई।
सात माह से रुके बिल के तत्काल भुगतान की मांग
इसके साथ ही दावों के नॉन स्टॉप पर बिल जमा करने के बावजूद ठेका मजदूरों का सात माह से रुका बिल तत्काल भुगतान करने की मांग रखी गई। राउरकेला अस्पताल आने जाने वाली एंबुलेंस में एसी की व्यवस्था, विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली, आरओ वाटर की आपूर्ति और मरीजों को बीमारी के अनुसार अलग अलग भोजन देने की व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई। अस्पताल परिसर के शौचालयों की नियमित साफ सफाई और भोजन की गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया गया।

