घाटशिला : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से 23 अप्रैल 2026 को मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया था। एक महीना बीत जाने के बाद भी कई छात्र-छात्राओं को अब तक मार्कशीट और अन्य जरूरी प्रमाण पत्र नहीं मिल पाए हैं। प्रमाण पत्र नहीं मिलने से इंटर में, नामांकन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और हजारों छात्र-छात्राएं परेशान हैं। इंटर का रिजल्ट छह मई को प्रकाशित किया गया था 22 दिन बीत जाने के बाद भी इंटर का मार्कशीट एवं अन्य कागजात प्लस 2 स्कूल व इंटर कालेज को उपलब्ध नहीं हो सका है जिससे डिग्री कालेज एवं अन्य प्रांत में बच्चे एडमिशन नहीं कर पा रहे हैं।
एसएलसी जारी होने का काम भी रुका
मैट्रिक व इंटर का मार्कशीट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज स्कूलों तक नहीं पहुंचने के कारण स्कूल प्रबंधन भी छात्र-छात्राओं को स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) जारी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में छात्र रोजाना स्कूलों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी उन छात्र-छात्राओं को हो रही है, जिन्हें अपने पुराने हाईस्कूल से एसएलसी लेकर दूसरे प्लस टू स्कूलों या इंटर कालेजों में नामांकन लेना है।
मजबूरी में किए जा रहे औपबंधिक नामांकन
कईं इंटर कालेजों में फिलहाल औपबंधिक रूप से नामांकन लिया जा रहा है, लेकिन दूसरे बोर्ड या प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए मूल प्रमाण पत्र अनिवार्य बताए जा रहे हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर प्लस टू विद्यालय के प्राचार्य ने बताया डाटा सेंटर से अब तक मैट्रिक व इंटर परीक्षा से संबंधित पंजीयन, एडमिट कार्ड, मार्कशीट, औपबंधिक प्रमाण पत्र, माइग्रेशन सर्टिफिकेट तथा विद्यालयों को मिलने वाली क्रॉस लिस्ट जैक कार्यालय रांची तक नहीं पहुंची है। रांची पहुंचने के बाद स्कूलवार पैकेट तैयार कर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालयों को भेजा जाएगा, जिसके बाद संबंधित स्कूलों तक दस्तावेज पहुंचेंगे।
प्रक्रिया पूरी होने में अभी लग सकता है समय
पूरी प्रक्रिया में अभी और समय लग सकता है। इस देरी का असर पूरे झारखंड के छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिलने से विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटकता नजर आ रहा है। अभिभावकों और छात्रों में जैक की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। छात्रों का कहना है कि यदि जल्द प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए, तो कई विद्यार्थियों का अच्छे स्कूलों और कॉलेजों में नामांकन का अवसर छिन सकता है।

