Home » Chaibasa Hindi News : प्रोजेक्ट परख के तहत शिक्षा के क्षेत्र में पश्चिमी सिंहभूम को शीर्ष पर लाने का संकल्प

Chaibasa Hindi News : प्रोजेक्ट परख के तहत शिक्षा के क्षेत्र में पश्चिमी सिंहभूम को शीर्ष पर लाने का संकल्प

Jharkhand Hindi News : चाईबासा में 'प्रोजेक्ट परख: तैयारी उड़ान की' पर एकदिवसीय कार्यशाला में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का बना रोडमैप

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa Hindi News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इस कड़ी में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ‘प्रोजेक्ट परख: तैयारी उड़ान की’ के तहत एकदिवसीय बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम टाटा कॉलेज चाईबासा स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और योजना का अमली जामा पहनाने का निश्चय किया गया।

उपायुक्त ने आत्म विश्लेषण व निष्पक्षता को बताया जरूरी

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट परख के तहत शिक्षा के क्षेत्र में जिले को शीर्ष पर लाने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए आत्मविश्लेषण और निष्पक्षता जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत से ही रैंकिंग में बड़ा बदलाव लाकर सशक्त सिंहभूम की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।

शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की जताई प्रतिबद्धता

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों का परम कर्तव्य है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के मन से ‘हम कुछ नहीं कर सकते’ जैसी नकारात्मक भावना को मिटाने और उनके भीतर नया विश्वास जगाने की अपील की। विद्यालय में हंसी खुशी का माहौल बनाकर ही बच्चों में सकारात्मकता लाई जा सकती है।

स्कूली व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण दिए गए दिशा निर्देश

बैठक में स्कूलों के बेहतर संचालन के लिए कई दिशा निर्देश दिए गए। स्कूलों में शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, परिसर में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। हर माह की 30 तारीख को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी और उनके पेंशन मामलों का त्वरित निपटारा होगा। इसके अलावा प्रत्येक माह की 12 तारीख को अभिभावक शिक्षक बैठक आयोजित कर अभिभावकों को बच्चों की नियमित पढ़ाई और स्वच्छ जीवन शैली के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बच्चों के मूल्यांकन के लिए होंगे नियमित टेस्ट

बच्चों के मूल्यांकन के लिए नियमित टेस्ट लिए जाएंगे। स्कूलों में खेल महोत्सव, शैक्षणिक भ्रमण और कैंपस को हरा भरा बनाने जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। प्लास्टिक का उपयोग कम करने, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और धूम्रपान जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी स्कूलों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कार्यशाला में ये रहे उपस्थित

कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की। इस मौके पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेम राज टोप्पो, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित जिले के सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य, टीजीटी, पीजीटी शिक्षक और परियोजना से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

Read Also- Koel River Jharkhand : पहाड़ों को चीरती, प्रेम कथाओं को समेटती और सभ्यताओं को जोड़ती झारखंड की अद्भुत जलधारा

Related Articles

Leave a Comment