Home » Ghatsila News : राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : अर्जुन मुंडा

Ghatsila News : राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : अर्जुन मुंडा

Jharkhand Hindi News : पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ

by Rajesh Choubey
Ghatsila News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

घाटशिला : भारतीय जनता पार्टी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ रविवार को स्वर्णरेखा विला रिसोर्ट में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र एवं संगठन के प्रति समर्पण का संकल्प लिया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित एक वैचारिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि आज देश अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र में देश के समक्ष चुनौतियां एवं निदान के हमारे प्रयास विषय पर अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ता विकास, संगठन और दायित्व बोध विषय पर विस्तार से अपने विचार रखे तथा संगठनात्मक मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
तृतीय सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह ने व्यावहारिक सत्र के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुभव एवं जनसंपर्क के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। चतुर्थ सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि विषय पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।

कार्यकर्ताओं को बताई गई भाजपा की वैचारिक यात्रा

पंचम सत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम मित्तल ने पार्टी का इतिहास एवं विकास विषय पर भाजपा की वैचारिक यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। षष्ठम सत्र में वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने संगठनात्मक कार्यपद्धति एवं कार्यकर्ता जीवन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।

अंतिम सत्र में मिली नमो ऐप की जानकारी

अंतिम एवं सप्तम सत्र में सोशल मीडिया, नमो ऐप एवं सरल ऐप विषय पर ज्ञान प्रकाश ने कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, संगठनात्मक संवाद तथा जनसंपर्क को मजबूत करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पूरे दिन प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह एवं सीखने की ललक देखने को मिली। संध्या समय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संगठनात्मक एकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों का परिचय दिया।

कार्यक्रम में यह रहे शामिल

कार्यक्रम में संसद विद्युत वरण महतो, जिला प्रभारी सह जिला वर्ग प्रभारी दिनेश कुमार, जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साव, पूर्व प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, प्रत्याशी लखन मार्डी, डॉ सुनीता देवदूत सोरेन, काजल महाकूड, महामंत्री हेमंत नारायण, सुजन कुमार मान्ना, मंटू सिंह, बृजेश सिंह समेत काफी संख्या में पदाधिकारी प्रशिक्षण लिए। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन 01 जून को विभिन्न विषयों पर आयोजित सत्रों के साथ होगा।

Read Also- West Singhbhum : इग्नू स्टडी सेंटर चाईबासा में नव नामांकित शिक्षार्थियों के लिए अभिप्रेरणा बैठक आयोजित

Related Articles

Leave a Comment