जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सुंदरनगर रेलवे स्टेशन के समीप की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मृतका की पहचान लक्ष्मी मुर्मू के रूप में हुई है। वह परसुडीह के सरजामदा क्षेत्र की रहने वाली थीं और पिछले कुछ दिनों से सुंदरनगर स्थित अपने मामा के घर पर रह रही थीं।मृतका के पति अरविंद मांझी ने बताया कि वह ओडिशा के बड़बिल में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत हैं।
उनके अनुसार, लक्ष्मी पिछले कुछ समय से मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं और करीब दो महीने से रांची में उनका इलाज चल रहा था। परिवार में उनके दो बच्चे हैं।परिजनों ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच लक्ष्मी घर से निकली थीं। उन्होंने अपनी मौसी से कहा था कि वह सुबह टहलने जा रही हैं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।इसी दौरान सूचना मिली कि एक महिला रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गई है।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लक्ष्मी मुर्मू के रूप में की।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह बादामपहाड़ एक्सप्रेस की चपेट में आई थीं। हालांकि पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।परिजनों का कहना है कि मानसिक तनाव और बीमारी के कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
Read also – Bakrid 2023: जमशेदपुर समेत पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही बकरीद

