
रांची: यदि आप झारखंड में कृषि और उससे जुड़े अन्य डिग्री कोर्सेज में नामांकन लेने की तैयारी में हैं तो यह आपके लिए जरूरी खबर है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने झारखंड कंबाइंड प्रवेश परीक्षा 2026 के शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। अब यह परीक्षा 26 जुलाई 2026 को ऑफलाइन होगी। इससे पहले परीक्षा की तारीख 19 जुलाई तय थी।
ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि में भी बदलाव
परीक्षा की तारीख बदलने के साथ ही बोर्ड ने ऑनलाइन फॉर्म भरने का समय भी बढ़ा दिया है। छात्र अब 9 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले इसकी आखिरी तारीख 2 जुलाई ही थी। फॉर्म भरने में त्रुटि रह जाती है तो 10 और 11 जुलाई को उसमें सुधार (एडिट) कर सकेंगे।
परीक्षा से जुड़ी मुख्य बातें
एडमिट कार्ड : परीक्षा शुरू होने के ठीक 4 दिन पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। छात्र इसे ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा केंद्र : इस बार परीक्षा के लिए रांची और दुमका जिला मुख्यालयों में सेंटर बनाए जाएंगे।
इन पाठ्यक्रमों में होगा नामांकन
यह प्रवेश परीक्षा शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए आयोजित की जा रही है। इसके जरिए छात्रों को कई प्रोफेशनल डिग्री कोर्सेज में दाखिला मिलेगा। इनमें ये प्रमुख हैं।
बैचलर ऑफ वेटनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री
बीएससी (ऑनर्स) कृषि (एग्रीकल्चर)
बीएससी (ऑनर्स) वानिकी (फॉरेस्ट्री)
बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी)
बीटेक (एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग)
बीएफएससी (मत्स्य विज्ञान)
बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर

