
Palamu : हुसैनाबाद प्रखंड के दंगवार मुख्य बाजार में शनिवार देर शाम स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से लाखों रुपये के सोना-चांदी के आभूषण लूटने की कोशिश विफल हो गई। बाइक सवार दो बदमाश ज्वेलर्स से करीब छह लाख रुपये मूल्य के आभूषणों से भरा बैग झपटकर भाग रहे थे, लेकिन लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। उसका साथी बाइक समेत फरार हो गया।
गौरतलब है कि दंगवार मुख्य बाजार स्थित मां शांति ज्वेलर्स के संचालक श्रवण सोनी शनिवार शाम करीब आठ बजे दुकान बंद कर अपने पुत्र अंश कुमार सोनी के साथ आभूषणों से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने अंश कुमार के हाथ से बैग झपट लिया और भागने लगे। घटना के तुरंत बाद अंश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। शोर सुनकर स्थानीय युवक बबलू समेत अन्य लोग भी दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि उसका दूसरा साथी बाइक लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
सूचना मिलते ही दंगवार ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर हुसैनाबाद थाना भेज दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। देर शाम बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना से व्यापारियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से करीब छह लाख रुपये मूल्य के आभूषण सुरक्षित बच गए। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

