
रांची: पूर्वी सिंहभूम में टाटानगर रेलवे स्टेशन से करनडीह होते हुए सुंदरनगर डिवाइडर तक करीब पांच किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। झारखंड पथ निर्माण विभाग ने इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए चौथी बार ई-टेंडर जारी किया है। इसका पहले भी टेंडर निकला था लेकिन किसी कंसलटेंट कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई।
प्रस्तावित डीपीआर में सड़क को यातायात की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की योजना तैयार की जाएगी। इसके तहत जहां आवश्यकता होगी, वहां पुल-पुलिया, रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी), भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, वन स्वीकृति तथा बिजली, पानी जैसी उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल किए जाएंगे।
यह मार्ग टाटानगर रेलवे स्टेशन को शहर के दक्षिणी हिस्से और सुंदरनगर क्षेत्र से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। वर्तमान में इस सड़क पर लगातार बढ़ते वाहनों के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। डीपीआर तैयार होने के बाद सड़क चौड़ीकरण की परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा, जिससे भविष्य में यातायात सुगम होने और स्टेशन तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
विभाग ने चयनित एजेंसी को 60 दिनों के भीतर डीपीआर तैयार करने का लक्ष्य दिया है।

