
Jamshedpur news : शिबांगी नृत्यांगन के तत्वावधान में 28 जून को जगन्नाथ धाम, पुरी स्थित अन्नपूर्णा थिएटर में एक दिवसीय राष्ट्रीय नृत्य उत्सव “अमृत नृत्य महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन शिबांगी नृत्यांगन की निदेशक डॉ. मेघदीपा दास अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 200 कलाकारों ने 80 मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय, उपशास्त्रीय एवं लोक नृत्य की विविध विधाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जमशेदपुर की सुप्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना मिष्टु मुखर्जी को अतिथि कलाकार के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने भाव-पक्ष पर आधारित अपनी मनमोहक कत्थक प्रस्तुति “देखो सखी श्याम” प्रस्तुत कर दर्शकों एवं कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति, लयबद्धता एवं सशक्त नृत्य शैली को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के समापन समारोह में मिष्टु मुखर्जी को उनकी उत्कृष्ट कलात्मक प्रस्तुति एवं भारतीय शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “श्री अमृत कला रत्न सम्मान” से अलंकृत किया गया। मुख्य अतिथियों ने उन्हें अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जमशेदपुर की सांस्कृतिक एवं शास्त्रीय नृत्य परंपरा के लिए भी गर्व का विषय है।
‘अमृत नृत्य महोत्सव 2026’ भारतीय सांस्कृतिक विरासत, शास्त्रीय कलाओं एवं देशभर के कलाकारों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को समर्पित एक सफल राष्ट्रीय आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।

