Home » Jharkhand Rain : झारखंड में आज और कल जमकर बरसेंगे बादल, जानें कितने जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Jharkhand Rain : झारखंड में आज और कल जमकर बरसेंगे बादल, जानें कितने जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

by Rakesh Pandey
Jharkhand Rain
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। राज्य के सभी हिस्सों में मानसून के पहुंचने के बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदला है। कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज और कल के लिए राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

 इन 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। जिन जिलों के लिए भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है उनमें देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़, रांची, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है। ऐसे में खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे रुकने से बचने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में अच्छी बारिश, मेदिनीनगर सबसे आगे

मानसून के सक्रिय होने के साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में उल्लेखनीय वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 67.4 मिलीमीटर बारिश मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रांची में 20 मिलीमीटर और चाईबासा में 14 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। लगातार हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

राजधानी का तापमान 5.5 डिग्री तक गिरा

बारिश का सबसे अधिक असर राजधानी रांची के तापमान पर देखने को मिला। सोमवार की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान में लगभग 5.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दूसरी ओर मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

परसों से 5 जुलाई तक बारिश में कमी के संकेत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तीन जुलाई से पांच जुलाई के बीच राज्य में व्यापक बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। हालांकि इस अवधि में कई इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद छह जुलाई से एक बार फिर राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा का दौर शुरू होने के संकेत दिए गए हैं।

सामान्य से काफी कम रही बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार एक जून से 30 जून के बीच पूरे झारखंड में सामान्य से 54 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी रांची में भी इस अवधि के दौरान सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश हुई। सामान्य परिस्थितियों में इस अवधि तक रांची में 197.6 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि इस बार केवल 146.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

Read ALso- CM takes action against two IPS officers: जानें क्यों चली गई पीयूष पांडेय और निधि द्विवेदी की कुर्सी

Related Articles

Leave a Comment