
रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हटिया रेलवे स्टेशन पर नशे के सौदागरों और टिकटों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गांजा तस्करी के दो तथा फर्जी टिकट बिक्री के एक अर्थात कुल तीन आरोपियों को दबोच लिया है। साथ ही लगभग 7 लाख रुपये कीमत का 14 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। फर्जी पहचान पत्रों के सहारे चल रहे अवैध तत्काल ई-टिकट रैकेट का भी भंडाफोड़ हुआ है।
प्लेटफॉर्म पर धरे गए गांजा तस्कर
आरपीएफ की ऑपरेशन नार्कोस मुहिम के तहत रांची की फ्लाइंग टीम और हटिया पोस्ट ने स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर फुटओवर ब्रिज के नीचे तीन बड़े बैग लिए बैठे दो युवक सुरक्षाकर्मियों को देखकर घबराने लगे। संदेह होने पर उनसे पूछताछ की गई। उनकी पहचान बिहार के कैमूर जिला निवासी जयराम कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई।
जब पुलिस ने उनके बैगों की तलाशी ली तो उसके अंदर से 14 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए तस्करों ने कुबूल किया कि उन्हें यह खेप झारसुगुड़ा स्टेशन के बाहर किसी अनजान शख्स ने सौंपी थी। इसे बिहार के कुदरा में बुटन नाम के किसी व्यक्ति तक पहुंचाना था, जिसके बदले उन्हें 5 हजार रुपये मिलने वाले थे। आरपीएफ ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए हटिया जीआरपी को सौंप दिया है।
फर्जी आईडी बनाकर बेचते थे तत्काल टिकट
वहीं दूसरी कार्रवाई ऑपरेशन उपलब्ध के तहत हटिया स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर की गई। यहां आरपीएफ की क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर गिरिडीह निवासी 31 वर्षीय मुस्लिम अंसारी को रंगे हाथों पकड़ा। उसके पास से पारसनाथ से मुंबई तक का तत्काल स्लीपर टिकट, खाली रिजर्वेशन फॉर्म, मोबाइल और नकद रुपये मिले।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से यात्रियों से प्रति टिकट 500 रुपये अतिरिक्त वसूल कर अवैध तरीके से तत्काल टिकट बुक कर रहा था। वह पहले अपने नाम से टिकट निकाल लेता था और बाद में ग्राहकों को देने के लिए पहचान पत्र में फोटो बदल देता था। इस धोखाधड़ी को लेकर आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सुरक्षित सफर के लिए अभियान रहेगा जारी
आरपीएफ इंस्पेक्टर लाल बहादुर ने बताया कि रेलवे परिसरों को अपराध और नशे से मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी दलाल के चक्कर में न पड़ें और स्टेशन या ट्रेन में कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को इसकी सूचना दें।

