Home » Palamu News : पलामू में हार्डवेयर दुकान में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

Palamu News : पलामू में हार्डवेयर दुकान में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

Jharkhand Hindi News : घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया।

by Rakesh Pandey
Palamu News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित पोलपोल बाजार में बुधवार देर रात एक हार्डवेयर एवं सैनिटरी दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

देर रात दुकान में लगी आग, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार पोलपोल बाजार में आहार के पास नागेंद्र विश्वकर्मा की विश्वकर्मा हार्डवेयर एवं सैनिटरी नाम से दुकान संचालित है। बुधवार शाम मौसम खराब होने के कारण दुकान सामान्य समय से पहले बंद कर दी गई थी। देर रात दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही दुकान संचालक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन दुकान में बड़ी मात्रा में हार्डवेयर और सैनिटरी सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

आग लगने की वजह से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा।

50 से 60 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान

दुकान संचालक नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दुकान में हार्डवेयर और सैनिटरी सामान के अलावा बड़ी मात्रा में सीमेंट भी रखा हुआ था। भवन के ऊपरी हिस्से में दुकान संचालित होती थी, जबकि भूमिगत हिस्से में सीमेंट और अन्य सामग्री का भंडारण किया गया था।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 50 से 60 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी या अन्य कारण था, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment