
Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को शिबू सबर नामक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल परिसर में पीपीपी मोड पर संचालित हेल्थ मैप सेंटर के कर्मचारियों पर एक्स-रे कराने के लिए एक हजार रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता शिबू सबर की तबीयत बिगड़ने पर पहले उन्हें मुसाबनी के केंदाडीह स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार शाम उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक्स-रे कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल परिसर स्थित हेल्थ मैप सेंटर में एक्स-रे के लिए पहुंचने पर कर्मचारियों ने एक हजार रुपये की मांग की। जब उन्होंने बताया कि वे सबर समुदाय से हैं और उन्हें निःशुल्क सुविधा मिलनी चाहिए, तब कर्मचारियों ने आयुष्मान कार्ड लाने को कहा और बिना जांच किए वापस भेज दिया। परिजनों का कहना है कि इसी बीच शिबू सबर की मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के बेटे ने समाजसेवी विमल बैठा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विमल बैठा ने एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने उपाधीक्षक डॉ. नारायण उरांव को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद डॉ. नारायण उरांव ने हेल्थ मैप सेंटर पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की।
अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

