
Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में 2 जुलाई की रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, खोखा, दो मोबाइल फोन और एक यामाहा आर-15 बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई की रात करीब 11 बजे रामजनमनगर निवासी सजग राही पर उसके घर के पास रहने वाले दो युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसके मुंह में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के बयान के आधार पर कदमा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रामजनमनगर काली मंदिर रोड निवासी कृष्णा सोना (20) और अनिल सोना (24) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा, 8 एमएम का एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गोलीबारी की वारदात के पीछे मकान को लेकर चल रहा पुराना आपसी विवाद था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

