
Jamshedpur : जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी और चाकूबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जमशेदपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी को लेकर में पुलिस ने साकची बाजार स्थित कई बर्तन दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में चापड़ बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
रविवार को हुई पुलिस की इस कार्रवाई के बाद साकची बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने दुकानों में रखे धारदार औजारों और उनकी बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इन धारदार हथियारों की बिक्री नियमों का उल्लंघन करते हुए तो नहीं की जा रही थी।
हाल के दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में चापड़ और चाकू से हमले की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए जिला पुलिस ने ऐसे दुकानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया है, जहां धारदार हथियार या बड़े काटने वाले औजार बेचे जाते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई दुकानदार अवैध रूप से धारदार हथियारों की बिक्री करते पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read also – Jamshedpur Firing : कदमा गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा, मुंह में गोली मारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

