
धनबाद : कोल इंडिया की महत्वपूर्ण सहायक कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड NCL को नया CMD मिलने का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए लोक उद्यम चयन बोर्ड PESB ने एनसीएल के अगले अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक CMD पद के लिए एन फ्रैंकलिन जयकुमार के नाम की सिफारिश की है। जयकुमार साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड SECL में तकनीकी निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
बुधवार, 8 जुलाई को सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई एक हाई-प्रोफाइल मीटिंग में कुल 11 वरिष्ठ अधिकारियों का इंटरव्यू लिया गया, जिसमें जयकुमार ने बाजी मारी।
इस पद की दौड़ में कोल इंडिया और अन्य सरकारी कंपनियों PSUs के कई दिग्गज शामिल थे। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि एनसीएल के ही तकनीकी निदेशक आशुतोष द्विवेदी को इस रेस में सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था, क्योंकि वह इसी कंपनी से जुड़े थे। लेकिन जयकुमार ने उन्हें और अन्य दावेदारों को पीछे छोड़ दिया।
इन अधिकारियों ने दिए थे इंटरव्यू
ओम प्रकाश मिश्रा (कार्यकारी निदेशक, कोल इंडिया)
पवन कुमार मिश्रा (वित्त निदेशक, सीसीएल)
एमडी अंजार आलम (वित्त निदेशक, ईसीएल)
चंद्रशेखर तिवारी और रमेश चंद्र मोहापात्रा जैसे तकनीकी विशेषज्ञ।
इनके अलावा नाल्को और रेलवे के भी दो वरिष्ठ अधिकारी इस रेस में शामिल थे।
एनसीएल कोल इंडिया की एक बड़ी ‘मिनीरत्न’ कंपनी है, जो मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हर साल 13 करोड़ टन से ज्यादा कोयले का उत्पादन करती है। नए सीएमडी का कार्यकाल 5 वर्षों का होगा।
PESB की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद अब जयकुमार के नाम का प्रस्ताव कैबिनेट की नियुक्ति समिति के पास भेजा जाएगा। वहां से अंतिम मंजूरी मिलते ही वे आधिकारिक तौर पर एनसीएल के सीएमडी का कार्यभार संभाल लेंगे।
Read Also: Jamshedpur news : एक पेड़ माँ के नाम’ पौधरोपणअभियान के साथ वन महोत्सव 2026 का हुआ समापन

