
रांची: रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो ड्रग्स तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस को ब्राउन शुगर, भारी मात्रा में कैश और नशा तोलने वाली मशीनें मिली हैं। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि पुलिस को इलाके में ड्रग्स की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर एक स्पेशल टीम बनाई गई।
पुलिस को देखकर भागने लगा तस्कर
यह कार्रवाई 9 जुलाई को तमाड़ के बंगाली टोला इलाके में की गई। पुलिस टीम जैसे ही मुख्य आरोपी राजा शिव दत्त मलिक के घर पहुंची, वहां मौजूद एक युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पहले से सतर्क पुलिस जवानों ने दौड़कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान आसिफ खान के रूप में हुई। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
घर की तलाशी में मिला सामान
पकड़े गए आसिफ ने पुलिस को बताया कि उसने यह नशा राजा शिव दत्त मलिक से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने राजा के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान राजा के घर से 12 ग्राम और ब्राउन शुगर मिली। इसके अलावा, पुलिस ने नशीले पदार्थों को तोलने वाली दो छोटी इलेक्ट्रॉनिक मशीनें, एक मोबाइल और ड्रग्स बेचकर कमाए गए 1.70 लाख रुपये नकद भी जब्त किए।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बरामद पैसों और सामान को लेकर कोई भी सही कागजात या जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने सारा सामान जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि ये लोग नशा कहां से लाते थे और इस पूरे रैकेट में और कौन-कौन शामिल है।
Read Also: Ranchi Crime News : चोर पकड़ने निकला बॉडीगार्ड, अपनी ही AK-47 से चली गोली से हो गया घायल

