
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र सदर बाजार में अपराधियों ने पुलिस को सीधी चुनौती दी है। मंगलवार को जैन चौक के पास शातिर ठगों ने दिनदहाड़े व्यापारी दीपक कुमार साव को अपना निशाना बनाया और चकमा देकर 1.65 लाख रुपये से भरा बैग उड़ाकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
ध्यान भटकाकर वारदात को दिया अंजाम
गांधी टोला निवासी दीपक कुमार साव बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 1.65 लाख रुपये निकालकर अपनी बाइक से लौट रहे थे। उन्होंने रुपयों से भरा बैग बाइक के हैंडल में लटकाया हुआ था। इसी बीच जैन चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने बेहद शातिराना अंदाज में आवाज दी, ‘आपका पैसा नीचे गिर गया है’। जैसे ही व्यापारी का ध्यान भटका और उन्होंने नीचे देखा, गिरोह के दूसरे सदस्य ने पलक झपकते ही हैंडल से रुपयों से भरा बैग उड़ा लिया। जब तक व्यवसायी कुछ समझ पाता, दोनों शातिर अपनी होंडा शाइन बाइक पर सवार होकर भाग गए।
बैंक के अंदर से हो रही थी रेकी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी हीराल महतो पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बैंक के अंदर भी गिरोह का एक सदस्य सूट-बूट पहनकर बाकायदा ग्राहक के रूप में रेकी कर रहा था। उसी ने मोटी रकम निकालने की सूचना बाहर खड़े अपने साथियों को दी थी। पीड़ित व्यापारी के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बैंक और जैन चौक के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें संदिग्ध अपराधी और उनकी बाइक नजर आ रही है। हुलिए के आधार पर पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले सदर बाजार में एक कारोबारी के साथ ही इस तरह की टप्पेबाजी ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की विशेष टीमें अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

