
Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गोलमुरी मार्केट स्थित हरकिशन पान दुकान में रविवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद दुकानदार ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
cदुकान संचालक उमेश कुमार ने बताया कि वह रविवार रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनकी दुकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और दुकान की स्थिति देखकर हैरान रह गए।
उन्होंने बताया कि दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद, पर्स और अन्य जरूरी सामान गायब थे। इसके अलावा करीब 40 से 50 हजार रुपये मूल्य की सिगरेट और अन्य सामान भी चोर अपने साथ ले गए।
घटना से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

