
Jamshedpur : शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार शाम साकची थाना क्षेत्र के जुबली पार्क के पास रौनक एग रोल दुकान के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब दो लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
गौरतलब है कि सोनारी के आदर्श नगर निवासी चंदना दास अपनी ननद के साथ रौनक एग रोल दुकान पर चाउमीन खाने पहुंची थीं। दोनों दुकान के पास खड़ी थीं, तभी बाइक पर आए दो अपराधियों ने मौका देखकर महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन अपराधी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

