Home » बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, बड़ाजामदा में 6 घंटे जलमग्न रहा मुख्य मार्ग, लाखों का नुकसान

बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, बड़ाजामदा में 6 घंटे जलमग्न रहा मुख्य मार्ग, लाखों का नुकसान

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa News rain
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : गत रविवार की शाम हुई मूसलाधार बारिश ने बड़ाजामदा शहर की जल निकासी व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोल दी। कुछ ही घंटों की तेज बारिश में शहर का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत बड़ाजामदा- नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर भट्ठीसाई पेट्रोल पंप के पास स्थित पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बहने लगा। पुल के डूब जाने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब छह घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई वाहन पानी में फंस गए। इसी दौरान एक बोलेरो और एक स्कॉर्पियो तेज धार में बहने से बाल-बाल बची। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद धक्का देकर दोनों वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई बाइक सवार भी पानी में फंस गए।

इस दौरान मुर्गा महादेव जाने वाले कांवरिये और सैकड़ों राहगीर घंटों सड़क पर फंसे रहे। सूचना मिलते ही बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को तेज बहाव में पुल पार करने से रोकते रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में हालात और बिगड़ गए। फुटबॉल मैदान और मिडिल स्कूल का पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया। कई घरों और दुकानों में घुटने भर पानी घुस गया, जिससे अनाज, सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पहले शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए चौड़ा और गहरा नाला बना हुआ था, लेकिन अतिक्रमण और अवैध निर्माण के कारण नाला धीरे-धीरे संकरा हो गया है। लौह चूर्ण, मिट्टी और कचरा जमा होने से नालियां पूरी तरह जाम हैं।

लोगों ने प्रशासन से पुराने जल निकासी मार्ग को अतिक्रमणमुक्त करने, नाले की सफाई, चौड़ीकरण और गहरीकरण करने तथा पुल की जल निकासी क्षमता बढ़ाने की मांग की है।

Read Also-Chaibasa News rain

Related Articles