Home » Chaibasa News : सड़क पर गिरा विशाल शिरीष का पेड़ : कार, स्कूटी और बाइक क्षतिग्रस्त, रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल

Chaibasa News : सड़क पर गिरा विशाल शिरीष का पेड़ : कार, स्कूटी और बाइक क्षतिग्रस्त, रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल

पेड़ के मुख्य मार्ग पर गिरने के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चक्रधरपुर : शुक्रवार की सुबह चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से पांच मोड़ होते हुए प्रेम निवास जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा हादसा टल गया। इस सड़क पर स्थित एक पुराना और विशाल शिरीष का पेड़ अचानक सड़क के बीचों-बीच गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से सड़क से गुजर रही एक कार, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में रेलवे के ऑपरेटिंग विभाग में कार्यरत कर्मचारी संजीव मुखी उर्फ राजीव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घर लौटते समय हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलकर्मी संजीव मुखी दुर्घटना के समय अपनी बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे इस मार्ग से गुजर रहे थे, अचानक विशाल पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ की एक भारी टहनी सीधे उनकी बाइक पर आ गिरी, जिससे मोटरसाइकिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और वे बाइक समेत गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।

स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस

अचानक पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने मुस्तैदी और तत्परता दिखाते हुए मलबे व टहनियों के बीच फंसे घायल रेलकर्मी को बाहर निकाला। स्थानीय नागरिकों की मदद से उन्हें तुरंत चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आपातकालीन कक्ष में उनका इलाज जारी है।

घंटों आवागमन रहा ठप, प्रशासन ने हटाया पेड़

पेड़ के मुख्य मार्ग पर गिरने के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन के विभागीय अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। विभागीय कर्मियों ने कटर मशीन की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ की टहनियों को काट कर तुरंत सड़क से हटाया। मार्ग साफ होने के बाद क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह से सामान्य हो सका।

Read Also Chaibasa News : राखी के धागों से सजा समाहरणालय, बहनों के स्नेह से भावुक हुआ प्रशासनिक परिसर

Related Articles