Home » Bahragora News : बहरागोड़ा में पैराशूट के सहारे गिरा वैज्ञानिक उपकरण, पुलिस जब्त कर ले गई थाने

Bahragora News : बहरागोड़ा में पैराशूट के सहारे गिरा वैज्ञानिक उपकरण, पुलिस जब्त कर ले गई थाने

Bahragora News : प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि यह कोई संदिग्ध वस्तु नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ा उपकरण है।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bahragora : पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरा गांव के समीप सोमवार को उस समय लोगों में कौतूहल मच गया, जब आसमान से पैराशूट के सहारे एक अज्ञात उपकरण जमीन पर आ गिरा। अचानक आसमान से नीचे आती इस वस्तु को देखकर ग्रामीण मौके पर जुट गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची और उपकरण को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि यह कोई संदिग्ध वस्तु नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ा उपकरण है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में यह उपकरण पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय से अनुसंधान के उद्देश्य से उड़ाया गया था। उपकरण पर एक संपर्क नंबर दर्ज था। पुलिस ने इसी नंबर के माध्यम से संबंधित संस्था के अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की स्थिति स्पष्ट हुई।

संस्था के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि उपकरण वैज्ञानिक अनुसंधान का हिस्सा है। उन्होंने जानकारी दी कि वैज्ञानिकों की टीम अगले दो-तीन दिनों के भीतर बरसोल पहुंचेगी और उपकरण को अपने साथ ले जाएगी। फिलहाल पुलिस ने उपकरण को सुरक्षित अपने कब्जे में रखा है।

पुलिस और संबंधित संस्था की ओर से लोगों से अपील की गई है कि उपकरण से दूरी बनाए रखें और इसे छूने या उसके साथ छेड़छाड़ न करें।

वहीं, पैराशूट के सहारे इस उपकरण को आसमान से क्यों उतारा गया और इसका इस्तेमाल किस तरह के वैज्ञानिक शोध में किया जा रहा था, इसकी विस्तृत जानकारी वैज्ञानिकों की टीम के पहुंचने के बाद ही सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल आसमान से पैराशूट के जरिए उतरे इस वैज्ञानिक उपकरण को लेकर पाथरा गांव में दिनभर चर्चा बनी रही।

Read Also: Jamshedpur News : स्व. महेश्वर प्रसाद की 13वीं पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 95 यूनिट रक्त संग्रह

Related Articles

Leave a Comment