
Jamshedpur : टाटा स्टील प्रबंधन ने कंपनी के विभिन्न विभागों में कार्यरत कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इसके तहत अधिकारियों को प्रमोशन देने के साथ ही कई अधिकारियों का तबादला किया गया है। कुछ अधिकारियों के अस्थायी स्थानांतरण की अवधि भी बढ़ायी गयी है। ये बदलाव एक सितंबर 2026 से प्रभावी हो गये हैं।
रिफ्रैक्टरीज टीएसएम में मैनेजर के पद पर कार्यरत अमित कुमार घोष को प्रमोट कर एरिया मैनेजर, रिफ्रैक्टरी मिल्स एंड किल्स टीएसएम बनाया गया है। वह मेरामंडली से कार्य करेंगे। वहीं रिफ्रैक्टरी टेक्नोलॉजी ग्रुप के सीनियर मैनेजर अविनाश सिंह को प्रमोशन देकर एरिया मैनेजर आरटीजी, स्टील एंड मिल्स बनाया गया है। वह जमशेदपुर से जिम्मेदारी संभालेंगे।
चीफ सेंट्रल इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस, टीएसके सुमन कुमार शर्मा को आईएल-3 से पदोन्नत कर आईएल-2 स्तर दिया गया है। वह जाजपुर में ही कार्यरत रहेंगे। मेडिकल सर्विसेज (प्रशासन) में डाइटिशियन ओ3 पुष्पम्मा मैथ्यू को प्रमोट कर सीनियर डाइटिशियन ओ2 बनाया गया है। वह जमशेदपुर में हेड एडमिनिस्ट्रेशन को रिपोर्ट करेंगी।
मोहित पांडे को साहिबाबाद भेजा गया
टैलेंट हब के एरिया मैनेजर मोहित पांडे का तबादला एरिया मैनेजर जीपीजीसी फिनिशिंग एंड डिस्पैच (आईएल-4) के पद पर किया गया है। वह साहिबाबाद से कार्य करेंगे। वहीं चीफ कमर्शियल इंडिजिनस सोर्सिंग अनुराग अग्रवाल को चीफ एसपीसी एंड सर्विसेज (डेजिग्नेट), इंटीग्रेटेड प्लानिंग एंड सर्विस की जिम्मेदारी दी गयी है।
विभाग का नाम बदला
कंपनी ने एम्प्लॉयी सर्विसेज एंड कॉरपोरेट रिलेशंस विभाग का नाम बदलकर एम्प्लॉयी सर्विसेज एंड स्टेकहोल्डर रिलेशंस कर दिया है। इसके तहत प्रमोद कुमार का नया पदनाम हेड एम्प्लॉयी सर्विसेज एंड स्टेकहोल्डर रिलेशंस होगा। अब वह टीएसजी, टीजीएस, टिनप्लेट, कॉम्बी मिल और वायर्स डिवीजन के साथ सीआरएम बारा एवं ट्यूब्स डिवीजन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
15 सितंबर से विजिलेंस में बदलाव
विजिलेंस विभाग में फेरबदल 15 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा। हेड विजिलेंस टीएसएम मोहन लाल जैन का तबादला हेड विजिलेंस जमशेदपुर एंड डीपीए (आईएल-3) के पद पर किया गया है। वहीं हेड फाइनांस एंड अकाउंट, टीजीएस केवी श्रीनिवासन को हेड विजिलेंस, टीएसएम (आईएल-3) के पद पर मेरामंडली भेजा गया है।
दो अधिकारियों का अस्थायी स्थानांतरण बढ़ा
सीनियर एरिया मैनेजर कंस्ट्रक्शन सिविल, सीओबीपीपी टीएसके सुभयन दास का सीओबी 6ए और 6बी, टीएसजे के प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन सिविल में अस्थायी स्थानांतरण 31 अक्टूबर तक बढ़ाया गया है। वहीं सीनियर एरिया मैनेजर कंस्ट्रक्शन सिविल, वेस्ट बोकारो संजीव कुमार मेहर का जमशेदपुर के लिए अस्थायी ट्रांसफर 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है।

