
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर शहर में बाढ़ जैसे हालात के बीच मानगो और कपाली को जोड़ने वाला जाबिर पुल भी पूरी तरह पानी में डूब गया है। पुल की रेलिंग तेज पानी के बहाव में बह गई है। हादसे की आशंका को देखते हुए इलाके के लोगों ने मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे पुल पर बांस लगाकर आवागमन बंद कर दिया।
बताया जाता है कि सोमवार की रात बाइक से जाबिर पुल पार कर रहा एक युवक तेज पानी के बहाव की चपेट में आकर बह गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी की मदद से युवक को बाहर निकाल लिया। इस घटना के बाद लोगों में पुल पर आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई।
ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 के पास कपाली को जमशेदपुर से जोड़ने वाली सड़क और जाबिर पुल पानी में डूबा हुआ है। पुल पर पानी का तेज बहाव होने के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को देखते हुए खुद ही बांस लगाकर रास्ता बंद कर दिया है।
वहीं, मानगो के हड्डी गोदाम इलाके में भी कई घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते पानी को देखते हुए स्थानीय लोग सतर्क हैं और पुल से आवागमन पूरी तरह रोकने की मांग कर रहे हैं।
Read also – Jamshedpur Crime : जुगसलाई ग्वाला पट्टी के पास युवक पर फायरिंग, परसुडीह में अपहरण का प्रयास; मानगो में चोरी

