Home » Jamshedpur Crime: चली गई महिला की बायीं आंख की रोशनी, धतकीडीह में लूट के प्रयास के दौरान हुआ था स्प्रे

Jamshedpur Crime: चली गई महिला की बायीं आंख की रोशनी, धतकीडीह में लूट के प्रयास के दौरान हुआ था स्प्रे

परिजन कोलकाता के शंकर नेत्रालय ले जाने की तैयारी में, एफआईआर दर्ज नहीं होने पर पुलिस से कार्रवाई की मांग

by Mujtaba Haider Rizvi
dhatkidih theft attempt
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : धतकीडीह बड़ी मस्जिद के पास एके अपार्टमेंट में शुक्रवार दोपहर घर में अकेली वृद्ध महिला से लूट के प्रयास के दौरान आंख में स्प्रे किए जाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। इस मामले में पता चला है कि पीड़िता यासमीन निगार की बायीं आंख खराब हो गई है। आंख की रोशनी बेहद कम हो गई है। परिजनों के अनुसार, स्थानीय लोगों को आंख दिखाने पर बड़े अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी गई है। अब परिजन उन्हें कोलकाता या मद्रास के बड़े आंख अस्पताल ले जाने की तैयारी में हैं। परिजनों का आरोप है कि महिला ने लूट का प्रयास किया था और घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। उनका कहना है कि आंख में गंभीर चोट पहुंचने के कारण यह आपराधिक मामला बनता है। परिजन आरोपी महिला की तलाश कर उसे गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

मिर्च पाउडर का घोल डालने के बाद किया स्प्रे

घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। यासमीन निगार के पति जुमा की नमाज के लिए घर से बाहर गए थे। उन्होंने बाहर से दरवाजे पर ताला लगा दिया था। इसी दौरान एक नकाबपोश महिला चाबी के जरिए दरवाजा खोलकर घर में दाखिल हुई। आरोप है कि घर में घुसने के बाद महिला ने पहले मिर्च पाउडर का घोल यासमीन निगार पर डाला और फिर स्प्रे का इस्तेमाल किया। इसके बाद उनके हाथ से दो कंगन छीनने का प्रयास किया। पीड़िता ने विरोध करते हुए लुटेरी महिला को लात मारी। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला के पहुंचने पर उस पर भी स्प्रे करने का प्रयास किया गया। शोर होने पर आरोपी महिला मौके से भाग निकली। विरोध के कारण वह कंगन नहीं ले जा सकी।

एफआईआर दर्ज नहीं होने पर परिजनों में नाराजगी

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। हालांकि, अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि घटना में कोई लूट नहीं हुई, इसलिए एफआईआर दर्ज नहीं की गई। वहीं, परिजनों का कहना है कि लूट का प्रयास हुआ था और महिला की आंख खराब होने के कारण पुलिस को आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई करनी चाहिए। परिजनों ने पुलिस से आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने और जेल भेजने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की जा रही है, ताकि आरोपी महिला की पहचान हो सके।

घर में आती-जाती हैं तीन काम करने वाली महिलाएं

परिजनों के अनुसार, यासमीन निगार की तबीयत पहले से खराब रहती है और किडनी संबंधी बीमारी के कारण उनकी डायलिसिस भी होती है। डायलिसिस के लिए एक महिला नियमित रूप से उनके घर आती है। इसके अलावा घर में तीन महिलाएं काम करने आती हैं। पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घर की गतिविधियों और महिला के अकेले रहने की जानकारी आरोपी तक कैसे पहुंची। परिजनों का कहना है कि इसी तरह की घटना मानगो के श्रीकृष्णा उद्यान में भी हुई थी, जहां महिला लुटेरों के गिरोह में शामिल थी। धतकीडीह की घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Read also Jamshedpur SIR-2026: मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन की वजह से 7 सितंबर की दावा-आपत्ति सुनवाई स्थगित

Related Articles

Leave a Comment