
रांची : रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले किता-सिल्ली रेलखंड पर जरूरी विकास कार्य चल रहा है। रेलवे ने इस ट्रैक पर मरम्मत के लिए ब्लॉक लिया है। इस वजह से 8 सितंबर को इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों के समय और रूट में बड़ा बदलाव किया गया है।
यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों तक ही चलाया जाएगा। वहीं कुछ लोकल ट्रेनों की सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।
दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द
रेलवे प्रशासन के अनुसार बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस ट्रेन केवल गोमो स्टेशन तक ही जाएगी। गोमो से हटिया के बीच यह रद्द रहेगी। वहीं खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस गाड़ी का संचालन केवल आद्रा स्टेशन तक होगा। आद्रा और हटिया के बीच इसकी सेवा बंद रहेगी।
आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर ट्रेन केवल मूरी स्टेशन तक ही चलेगी। मूरी से रांची के बीच यात्री इसमें सफर नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा हटिया-सांकी मार्ग पर चलने वाली दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें (ट्रेन संख्या 58663/58664 और 58665/58666) 8 सितंबर को पूरी तरह रद्द घोषित की गई हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रेया सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक हेल्पलाइन या मोबाइल एप से ट्रेनों की स्थिति देखकर ही स्टेशन के लिए निकलें।
Read Also : JPSC-JSSC विवाद पर हजारीबाग में जुटेंगे दिग्गज भाजपाई, रघुवर दास की अगुवाई में डीसी-एसपी दफ्तर का करेंगे घेराव

