
गुमला : झारखंड के गुमला जिले में भरनो प्रखंड के मारासिली पंचायत स्थित महूगांव टंगरा टोली में बुधवार की सुबह हाथी ने एक वृद्ध ग्रामीण की जान ले ली। करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकले 65 वर्षीय शनि उरांव का सामना झाड़ियों के पास हाथी से हो गया। हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनि उरांव सुबह घर से कुछ दूरी पर शौच के लिए गया था। झाड़ियों के बीच पहले से मौजूद हाथी पर उसकी नजर नहीं पड़ी और अचानक वह उसके सामने आ गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि भरनो प्रखंड के कई इलाकों में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। हाथियों के गांवों के नजदीक पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार लोग हाथियों को देखने या उन्हें खदेड़ने के प्रयास में उनके काफी करीब चले जाते हैं। ऐसी स्थिति में हाथी बिदककर आक्रामक हो जाते हैं और आबादी वाले इलाकों में नुकसान पहुंचा सकते हैं।
घटना की सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने की मांग की है। इसके साथ ही हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा मृतक के परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।
Read Also- WhatsApp support : पुराने एंड्रॉयड फोन पर बंद हुआ वाट्सएप सपोर्ट, इन मोबाइल में अब नहीं चलेगा एप

