Home » Chaibasa News : खदान मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन : रामा पांडे

Chaibasa News : खदान मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन : रामा पांडे

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार देर शाम संघ के यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। बैठक में मजदूरों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई और सेल प्रबंधन से जल्द समाधान की मांग की गई।

बैठक में सबसे पहले गुवा स्थित सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया। संघ ने अस्पताल और शौचालयों की नियमित सफाई, नई एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, मरीजों के भोजन की गुणवत्ता में सुधार, मधुमेह मरीजों के लिए अलग डाइट, नया एंबुलेंस, सफाई कर्मियों की बहाली और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही अस्पताल से जुड़े लंबित सिविल कार्यों को जल्द शुरू कराने की भी मांग रखी गई।

संघ ने बताया कि बारिश के मौसम में मजदूर क्वार्टरों की छत से पानी टपकता है और गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिसका स्थायी समाधान होना चाहिए। 500 नए क्वार्टर मजदूरों के लिए बनाए जाने की मांग भी की गई।

शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर इस्को मध्य विद्यालय में एडॉप्ट शिक्षक की नियुक्ति और गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई गई।

बैठक में रिट्रेंचमेंट बेनिफिट के बकाया भुगतान और कोबरा सिक्योरिटी गार्डों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठा। ठेका मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए संघ ने कहा कि सेल प्रबंधन ने 500 ठेका मजदूरों की बहाली का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक सिर्फ 18 लोगों को ही रखा गया है। ठेकेदारों द्वारा न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान, वेतन में देरी और फर्जी हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान से मजदूरी निकासी के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। सेमी-स्किल्ड और स्किल्ड श्रमिकों का लंबित भुगतान तुरंत जारी करने की भी मांग हुई।

केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर सेल प्रबंधन के साथ कई बार बैठकें हो चुकी हैं और हर बार जल्द समाधान का आश्वासन मिला, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रबंधन का रवैया नहीं बदला तो संघ जल्द ही सेल के खिलाफ आंदोलन करेगा, जनरल ऑफिस के सामने प्रदर्शन किया जाएगा और प्रबंधन का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीजीएम चंद्रभूषण कुमार इन समस्याओं पर मौन साधे हुए हैं।

बैठक में महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, पदमा केसरी, आरती होरो, संजय सांडिल, प्रशांत चाम्पिया समेत बड़ी संख्या में सेलकर्मी, ठेका कर्मी और ग्रामीण मौजूद थे।

Chaibasa News : जिला इनोवेशन चैलेंज के तहत 9 शिक्षक बने ‘चेंज मेकर स्पॉटलाइट’, नवाचारों से छोटे बच्चों में बढ़ेंगी सीखने की क्षमता

Related Articles

Leave a Comment