
चतरा : मयूरहंड थाना क्षेत्र के महुगाई गांव में गुरुवार को वज्रपात से एक महिला की मौत हो गई। महुगाई गांव निवासी महिला सरोज देवी (44) पति सत्यदेव सिंह अपने घर के बाहर दैनिक कार्यों में व्यस्त थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया। तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में आने से सरोज देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन के अलावा आसपास के लोग उनकी मदद के लिए पहुंचे। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्होंने घर में ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि तेज गर्जना के साथ बारिश हो रही थी। वज्रपात की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खो दिया है, ऐसे में सरकार की ओर से आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

