
गोड्डा/बोकारो: अवैध हथियार बनाने का कारोबार करने वाला पवन कुमार तुरी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। 16 सितंबर को गोड्डा जिले के महागमा स्थित घाट बलिया गांव में जब बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने मिलकर मिनी गन फैक्टरी पर धावा बोला था, तब मौके से भारी मात्रा में अवैध असलहे और सामान बरामद हुए थे। कार्रवाई की भनक लगते ही फैक्टरी का संचालक पवन कुमार तुरी मौका पाकर कई हथियारों को लेकर वहां से गायब हो गया था।
रेकी कर बिछाया जाल, नाकेबंदी पर धराया
फरार होने के बाद आरोपी अपनी कार से छिपकर गोड्डा से रांची की ओर भागने की कोशिश कर रहा था। उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि पुलिस उसकी हर हरकत पर नजर बनाए हुए है। बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा के दिशानिर्देश पर पुलिस की एक टीम लगातार उसका पीछा कर रही थी।
जैसे ही आरोपी की गाड़ी बोकारो सीमा में दाखिल हुई, देर रात पुलिस ने बेरियर पर नाकेबंदी कर उसे चारों तरफ से घेर लिया। कार रुकवाकर जब पूछताछ की गई, तो उसकी पहचान की पुष्टि होते ही उसे हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती कागजी कार्रवाई के बाद बोकारो पुलिस ने आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए गोड्डा पुलिस के हवाले कर दिया है।
अधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी को लेकर गोड्डा पुलिस विभाग की तरफ से अब तक कोई प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है और न ही मीडिया के सामने कोई बयान आया है। पुलिस अधिकारी फिलहाल इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तारों को खंगालने में जुटे हैं। यही वजह है कि गिरफ्तारी से जुड़ी यह पूरी जानकारी फिलहाल विश्वस्त सूत्रों के जरिए ही सामने आई है। आने वाले दिनों में पुलिस की आधिकारिक घोषणा के साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read Also: jharkhand Health : झारखंड में 30 सितंबर से जुटेंगे देश-विदेश के हेल्थ टेक विशेषज्ञ, एआई और रोबोटिक तकनीक पर होगा मंथन

