
Jamshedpur : जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में हाईवे और शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, प्रवर्तन कार्रवाई और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर गति सीमा की निगरानी के लिए सात चिन्हित स्थानों पर स्पीड गन कैमरे लगाए जाएंगे। अगले दो माह में कैमरे स्थापित कर गति पर प्रभावी निगरानी शुरू करने की योजना है।
उपायुक्त ने यातायात पुलिस को शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात प्रबंधन बेहतर करने का निर्देश दिया। मानगो बस स्टैंड में लंबे समय से खड़े खराब बसों और वाहनों को हटाने को भी कहा गया।
बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम, साइनेज दुरुस्त करने और ऑटो के लिए निर्धारित पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट चिन्हित करने पर जोर दिया गया। ऑटो चालकों के परमिट और अन्य दस्तावेजों की जांच के निर्देश भी दिए गए।
अगस्त में जिले में 34 सड़क दुर्घटनाओं में 22 लोगों की मौत और 26 लोग घायल हुए। हेलमेट व सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों का उल्लंघन प्रमुख कारण रहे। कार्रवाई के तहत 121 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए और 5,96,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।

