
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि अगस्त माह में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ 23 निरीक्षण किए गए। इस दौरान 440 टन अवैध खनिज जब्त किया गया। इसमें 284 टन बालू और 160 टन पत्थर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान 11 वाहन भी जब्त किए गए, जिनमें पांच हाईवा, पांच ट्रैक्टर और एक 407 वाहन शामिल है। मामलों में एक प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि 10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
बैठक में जिले में बालू के वैध भंडारण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार पंजीकृत बालू डीलरों के पास कुल 9,68,905.52 टन बालू का स्टॉक उपलब्ध है। इनमें गुड़ाबांदा के सात, बहरागोड़ा के दो और धालभूमगढ़ के एक डीलर शामिल हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित जांच और निरीक्षण अभियान चलाने, अवैध गतिविधियों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने तथा खनिजों के वैध भंडारण और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, डीटीओ, डीएमओ, ट्रैफिक डीएसपी समेत अन्य अधिकारी और एजेंसी प्रतिनिधि मौजूद थे।
Read also – Jamshedpur News : कदमा में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी चोरी, डेढ़ घंटे में वारदात

